कांग्रेसी पार्षदों ने खोला नगर आयुक्त के खिलाफ मोर्चा

0
188

मेयर का अपमान और टेंडर में मिलीभगत का आरोप

हरिद्वार। फूल फरोशी और पार्किंग के टेंडर खोलने के दौरान हुए हंगामे के बाद शनिवार को कांग्रेसी पार्षदों ने नगर आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मेयर का अपमान और टेंडर में मिलीभगत करने के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को नगर निगम प्रांगण में कांग्रेस के पार्षदों ने मेयर अनिता शर्मा के समर्थन में नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और रोष जताया। पार्षद राजीव भार्गव ने कहा क‌ि मेयर शहर की प्रथम नागरिक हैं। प्रथम ना‌गरिक और महिला शक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षद उदयवीर सिंह चौहान, मेहरबान खान ने कहा क‌ि मिलीभगत से जिन लोगों को टेंडर दिए जा रहे थे, उन पर पहले ही 1.60 करोड़ का बकाया है। पार्षद प्रतिनिधि हाजी शाहबुद्दीन अंसारी एवं पूर्व पार्षद अमन गर्ग ने कहा क‌ि मेयर कार्यालय में चार बजे आकर टेंडर खोलने का समय दिया गया था। लेकिन साढ़े चार बजने के बाद जब मेयर नगर आयुक्त कार्यालय पहुंची तो वहां मिलीभगत से टेंडर खोलने का काम किया जा रहा था। आरोप लगाया कि नगर आयुक्त कुर्सी पर बैठे रहे और मेयर खड़ी रही। ऐसा करके नगर आयुक्त ने जनप्रतिनिधि का अपमान किया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद इसरार अहमद, कैलाश भट्ट, ‌रियाज अंसारी मन्नू, तहसीन अंसारी, सद्दीक गाड़ा, विकास चंद्रा, सुनील कुमार, बृजमोहन बड़थ्वाल, आकाश बिरला, सुमित भाटिया, संगम शर्मा, राजकुमार ठाकुर आदि शामिल रहे।