10 दिसंबर तक गठित हो मोर्चों की प्रदेश, जिला व मंडल की टीम: भट्ट

0
128

कार्यकारिणी के गठन को भाजपा ने तय की समय सीमा, सदस्यता अभियान के लिए बनाई समिति

देहरादून। भाजपा ने प्रदेश मोर्चों, विभागों एवं प्रकोष्ठों समेत जिले एवं मंडल स्तर की कार्यकारिणी गठन के लिए समय सीमा तय कर दी है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 30 नवंबर तक मोर्चों की प्रदेश टीम, 5 दिसंबर तक जिले व 15 दिसंबर तक मंडल की कार्यकरिणी और 10 दिसंबर तक प्रकोष्ठ-विभाग गठन के निर्देश दिए हैं, साथ ही सदस्यता अभियान के लिए तीन सदस्यीय प्रदेश समिति का गठन भी किया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्रियों की टोली बैठक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में तय किया गया कि निश्चित समयबद्ध तरीके से प्रदेश से मंडल स्तर तक सभी मोर्चों, प्रकोष्ठ व विभाग इकाइयों एवं जिले व मंडल कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर तक प्रदेश स्तर पर सभी मोर्चों की टीम तैयार की जाएगी। इसके अतिरिक्त 5 दिसंबर तक जिला व 15 दिसंबर तक मंडल कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसी तरह संगठन के सभी विभागों व प्रकोष्ठों का ज़िला व मंडल स्तर पर 10 दिसंबर तक गठन कर लिया जाएगा। चौहान ने बताया कि लोकसभा चुनाव को  देखते हुए प्रदेश भर में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर प्रदेश स्तर पर तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है जिसमे प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खजान दास एवं दीपक मेहरा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि टोली बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, प्रदेश प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेन्द्र चौधरी, राजेन्द्र बिष्ट ने प्रतिभाग किया।

जीडीपी में वृद्धि, राज्य के अग्रणी राज्य की दिशा मे बढ़ने का संकेत: भट्ट

देहरादून। भाजपा ने अर्थ एवं संख्या निदेशालय के इस वित्त वर्ष में विकास दर 7 फीसदी से ऊपर रहने के अनुमान को सशक्त उत्तराखंड एवं 2025 तक उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्य होगा की दिशा बढ़ने वाला बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि कोरोनाकाल में भाजपा सरकारों के आर्थिक सुधार उपाय एवं  विकास योजनाओं के उचित नियोजन का ही परिणाम है कि अर्थव्यवस्था का आकार भी बढ़ा है और प्रति व्यक्ति आय में भी गुणात्मक सुधार आने की संभावना जताई जा रही है। भट्ट ने कहा, इतने कम समय में प्रदेश की महान जनता के सहयोग से केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का यह सफ़ल प्रयास विश्वास दिलाता है कि मुख्यमंत्री श्री धामी के विजन के अनुरूप 2025 तक उत्तराखंड देश के श्रेष्ठ श्रेणियों में शुमार होगा।