मुख्यमंत्री से “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” आयोजकों की भेंट, डिजिटल विकास पर हुई चर्चा

देहरादून 16 अप्रैल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (A.I.), टेक्नोलॉजी और साइंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से प्राप्त निष्कर्ष और सुझाव भविष्य में सकारात्मक परिणाम देंगे और राज्य व देश के डिजिटल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य सामरिक और पर्यटन दोनों दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां प्रतिवर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आते हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के कारण अनेक आकर्षक पर्यटन स्थल मौजूद हैं। साथ ही, फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण होने से फिल्म उद्योग में भी व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य में औद्योगिक निवेश के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं, जिन्हें और विकसित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं। यहां के सुरम्य स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं। सरकार इस दिशा में आधारभूत संरचना और सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एनटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कंट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेसिडेंट ज्योति माल्दे, नेटफॉर चॉइस डाटा सेंटर के संस्थापक समीर यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



