प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले देहरादून में हाई अलर्ट,मुख्य सचिव और डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून, 11 अप्रैल 2026:
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखण्ड भ्रमण को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों और रूट का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से लेकर महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक पूरे मार्ग का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के हर पहलू की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव और डीजीपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के साथ-साथ आमजन की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया है।



