महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने किया चैत्र नवरात्रि में भक्ति, शक्ति और आत्मविश्वास की नौ दिवसीय यात्रा का आयोजन

देहरादून, 26 मार्च 2026 । चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में भक्ति, शक्ति एवं आत्मविश्वास की प्रतीक नौ दिवसीय विशेष यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। 19 मार्च को माँ शैलपुत्री की आराधना के साथ प्रारम्भ हुई यह यात्रा अष्टमी एवं नवमी के पावन पूजन के साथ संपन्न हुई।
इस दौरान 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प लिया गया, जिसे कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। आयोजन का उद्देश्य माँ भगवती की कृपा से समाज में श्रद्धा, सेवा और नारी सम्मान के भाव को सुदृढ़ करना रहा।
यात्रा के अंतर्गत कैंट क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें मंदिरों, मठों, गुरुद्वारों एवं प्रबुद्धजन समितियों का भी सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। कन्याओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर उनके चरण पखारे गए, तिलक-मौली बांधी गई, चुनरी ओढ़ाकर भेंट सामग्री एवं दक्षिणा प्रदान की गई तथा आरती एवं पुष्पवर्षा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न तिथियों एवं स्थानों पर इस प्रकार रहा—
19 मार्च: राज पैलेस, पटेल नगर (वार्ड 44, 45)
22 मार्च: अटल पार्क, यमुना कॉलोनी (वार्ड 33, 34)
23 मार्च: साधुराम इंटर कॉलेज, संगम विहार (वार्ड 41, 43)
24 मार्च: शीतला माता मंदिर, हरबंसवाला एवं सनातन धर्म मंदिर, प्रेमनगर
25 मार्च: हिंदू नेशनल स्कूल, लक्ष्मण चौक एवं अन्य स्थल
26 मार्च: कोलागढ़ एवं जीएमएस रोड, देहरादून
इस अवसर पर प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए 1100 कन्याओं का पूजन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति एवं संस्कारों के माध्यम से शक्ति उपासना का महापर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को साक्षात देवी स्वरूप माना गया है और जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के संयोजक सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, शक्ति और आत्मविश्वास की उपासना का भाव है, जिसे वे पिछले कई वर्षों से निरंतर करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प माँ भगवती की कृपा से ही पूर्ण हो सका।
नवरात्रि के नौ दिनों में माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी एवं सिद्धिदात्री—की आराधना कर उनके महत्व का वर्णन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं प्रेरणा प्राप्त हुई।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेन्द्र बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



