व्यय वित्त समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी

देहरादून,19 मार्च 2026 । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहरी विकास, पेयजल एवं लोक निर्माण विभाग से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नीलकंठ महादेव और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पार्किंग निर्माण में निर्धारित गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। नीलकंठ महादेव (कुल लागत 5183.65 लाख) और रामनगर (कुल लागत 3857.64 लाख) परियोजनाओं में प्रवेश-निकासी के लिए टर्निंग रेडियस समेत सभी तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। साथ ही नीलकंठ महादेव में जियोटेक्निकल सर्वे और भवन के फसाड के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया।
पेयजल विभाग के अंतर्गत पीपलकोटी, तिलवाड़ा और ऊखीमठ नगर पंचायतों की पेयजल योजनाओं (कुल लागत क्रमशः 2438.32 लाख, 3986.24 लाख और 2578.52 लाख) तथा लालकुआं नगर पंचायत की सीवरलाइन परियोजना (कुल लागत 37.95 लाख) को भी संस्तुति दी गई। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटर लगाने और सीवरलाइन परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग की काठगोदाम बाईपास मार्ग परियोजना के अंतर्गत 3.5 किमी सड़क निर्माण और 75 मीटर स्पान के सेतु (कुल लागत 1177.93 लाख) को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर और रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



