उत्तराखण्डअपराध

विवाहिता को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में मुख्य आरोपी आशिक अली गिरफ्तार

आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप, साहिब अली और देवेश गंगवार की तलाश जारी

लालकुआं 27 सितम्बर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने विवाहिता को कथित रूप से ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में मुख्य आरोपी आशिक अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले में नामजद दो अन्य आरोपी साहिब अली और देवेश गंगवार अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू, लालकुआं निवासी एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के संबंध में मृतका के पिता राजेन्द्र प्रसाद निवासी मुक्तेश्वर ने थाना लालकुआं में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था।
तहरीर के मुताबिक, आशिक अली ने कथित रूप से मृतका को अपने जाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बना लिए तथा इनके माध्यम से उसे ब्लैकमेल किया। इससे मृतका मानसिक रूप से परेशान थी और इसी प्रताड़ना के चलते उसने 6 अगस्त को आत्महत्या कर ली।
मामले में यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली और देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस संबंध में थाना लालकुआं में मु0अ0सं0 146/2026, धारा 108/351(2) भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़ को 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसके संबंध में पुलिस का कहना है कि इसका प्रयोग आपत्तिजनक फोटो/वीडियो बनाने एवं भेजने में किया गया था।
दो आरोपियों की भूमिका की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, साहिब अली और देवेश गंगवार के संबंध में वादी द्वारा कानूनी कार्रवाई करने पर मृतका के पति को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों की भूमिका, धमकी से जुड़े तथ्यों और मामले में उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों वर्तमान में फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम
अर्जुन गिरी, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़
कानि. गुरमेज सिंह
कानि. कुबेर सिंह

Related Articles

Back to top button