ऋषिकेश में मुख्यमंत्री धामी ने श्री श्री रविशंकर से की भेंट, आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों पर हुआ विचार-विमर्श

देहरादून/ऋषिकेश 18 मार्च ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दोनों के बीच सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक जागरूकता और मानव मूल्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पद्म विभूषण से सम्मानित श्री श्री रविशंकर द्वारा स्थापित आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन विश्वभर में शांति, योग और मानवीय मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उनके मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है, जो उत्तराखंड जैसे आध्यात्मिक प्रदेश के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
इस दौरान श्री श्री रविशंकर ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए राज्य की उन्नति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य इसे वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं, जिसे और सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने संत-महात्माओं के मार्गदर्शन को राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और संतुलित विकास को गति मिलती है।


