जन औषधि सप्ताह” के तहत जाखन व डोईवाला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सैकड़ों लोगों को मिला लाभ

देहरादून, 03 मार्च 2026 ।“जन औषधि सप्ताह” के अंतर्गत जाखन देहरादून में मंगलवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 70 लोगों ने सहभागिता की। इनमें से 68 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक निःशुल्क दवाइयाँ प्रदान की गईं। लाभार्थियों में 31 महिलाएँ, 28 वरिष्ठ नागरिक एवं 9 अन्य नागरिक शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि “जन औषधि सप्ताह” प्रत्येक वर्ष 1 मार्च से 7 मार्च तक मनाया जाता है, जिसका समापन 7 मार्च को “जन औषधि दिवस” के रूप में किया जाता है। इस वर्ष जन औषधि दिवस की थीम “जन औषधि – सस्ती भी, भरोसेमंद भी” निर्धारित की गई है।
जाखन, देहरादून में आयोजित शिविर में शुगर जांच, ईएसआर, हीमोग्लोबिन, सीबीसी एवं डायबिटीज जांच जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। कुल दो चिकित्सकीय परामर्श सत्र आयोजित किए गए। शिविर में जन औषधि दवाइयों सहित पेन किलर, बुखार कम करने वाली दवाइयाँ एवं पूरक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं।
शिविर में डॉ. आशीष जैन (MBBS, PG डिप्लोमा इन डायबिटीज) ने चिकित्सकीय सेवाएँ प्रदान कीं। इस अवसर पर मीनाक्षी नौटियाल, पार्षद जाखन (राजपुर रोड), के. एस. राणा, एमडी तथा डॉ. मारूफ भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में आम जनता से सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण जन औषधि दवाइयों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इससे पूर्व सोमवार (02 मार्च 2026) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोईवाला में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लगभग 114 लोगों ने भाग लिया। इनमें से 108 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयाँ प्रदान की गईं। लाभार्थियों में 66 महिलाएँ, 32 वरिष्ठ नागरिक एवं 16 अन्य नागरिक शामिल रहे।
सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह आउटरीच पहल देशभर में जारी है। फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेज ब्यूरो (पीएमबीआई), फार्मास्यूटिकल्स विभाग, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय द्वारा 1 से 5 मार्च 2026 तक देश के 250 से अधिक स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि 6 मार्च को 30 शहरों में जन औषधि पदयात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध सस्ती, भरोसेमंद एवं गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयों की जानकारी आमजन तक पहुँचाई जा रही है। आयोजकों के अनुसार यह पहल क्षेत्रीय नागरिकों को किफायती स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।



