मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार 03 मार्च 2026 ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च, 2026 को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाएं एवं अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तत्पर रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम में अनुशासन, पारदर्शिता और सुचारू संचालन सर्वोपरि है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं।
यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति न बने और यातायात पूरी तरह सुचारू रहे, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी साझा की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर हरिद्वार किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गैहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



