उत्तराखण्डखेल

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पंतनगर में उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता का किया भव्य शुभारम्भ

पंतनगर,23 फरवरी 2026। महामहिम गुरमीत सिंह ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित 04 दिवसीय उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता का दीप प्रज्ज्वलन एवं मशाल प्रज्ज्वलन कर विधिवत शुभारम्भ किया। उद्घाटन अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने 800 मीटर पुरुष एवं महिला वर्ग की दौड़ के विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
800 मीटर पुरुष वर्ग में एसएसजे अल्मोड़ा के अंकित नाथ प्रथम, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी गढ़वाल के आसिफ द्वितीय तथा एसएसजे अल्मोड़ा के ललित सिंह तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग 800 मीटर दौड़ में कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल की नीतू प्रथम, संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार की चांदनी द्वितीय तथा एसएसजे अल्मोड़ा की शीतल भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाशक्ति, अनुशासन, संकल्प और राष्ट्रभावना का उत्सव है। देवभूमि उत्तराखंड को उन्होंने आस्था, तप, त्याग और पराक्रम की भूमि बताते हुए कहा कि आज यह प्रदेश युवाशक्ति की भूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। हिमालय की ऊँचाइयाँ हमें ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देती हैं।
महामहिम ने कहा कि “राष्ट्र सर्वोपरि” हमारी मूल भावना है। खेल केवल पदक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन हैं। मैदान में विकसित होने वाला अनुशासन, समर्पण और टीम भावना आगे चलकर राष्ट्र प्रथम की चेतना को मजबूत बनाती है। विश्वविद्यालय जीवन में शिक्षा और खेल—दोनों का संतुलित विकास ही संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण का आधार है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने खेल एवं सह-पाठ्य गतिविधियों को मुख्यधारा में स्थान देकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। फिट युवा, सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विश्वविद्यालयों को खेलों को प्राथमिकता देनी होगी। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और नशे जैसी सामाजिक चुनौतियों से दूर रखते हैं।
महिला खिलाड़ियों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव है। जब बेटियाँ खेल के मैदान में आगे बढ़ती हैं, तो राष्ट्र की दिशा बदलती है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय स्तर से ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों—यहाँ तक कि ओलंपिक—को अपना लक्ष्य बनाएं और उत्तराखंड की धरती से ऐसे खिलाड़ी निकलें जो विश्व पटल पर भारत का तिरंगा ऊँचा करें।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि इस अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में 10 विश्वविद्यालयों के लगभग 722 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डी. एस. रावत, अल्मोड़ा विश्वविद्यालय के डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट, कुलसचिव दीपा विनय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चौधरी सहित विश्वविद्यालय के डीन, निदेशक, कोच, निर्णायक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button