पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर सेवा-समर्पण कार्यक्रम आयोजित, अंत्योदय के विचारों को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार
देहरादून,11 फरवरी 2026। 

महानगर कार्यालय देहरादून में श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि को सेवा-समर्पण कार्यक्रम के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को नमन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चल रही है। उन्होंने कहा कि पंडित जी का भारतीय चिंतन अत्यंत व्यापक रहा है, जिसने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महामंत्री कुंदन परिहार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महान चिंतक, दार्शनिक और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रणेता थे। उन्होंने अंत्योदय का विचार देकर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों गरीबों को सम्मानजनक जीवन दे रहे हैं। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान ही वास्तविक विकास का मापदंड है। उन्होंने कहा कि यदि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को सच्ची श्रद्धांजलि किसी ने दी है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ज्योति प्रसाद गैरोला ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को कोटि-कोटि नमन करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा। उन्होंने एकात्म मानववाद की व्याख्या करते हुए बताया कि यह दर्शन व्यक्ति, समाज, राष्ट्र और प्रकृति के बीच समन्वय स्थापित करता है। पंडित जी ने मानव को केवल आर्थिक प्राणी न मानकर शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का समन्वित रूप माना, जिससे संतुलित और टिकाऊ विकास संभव है। यह विचारधारा आज भी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक नीतियों के लिए समग्र मार्गदर्शन प्रदान करती है।
कार्यक्रम में राजपुर विधानसभा विधायक खजान दास ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज समाज उनके विचारों से प्रेरित होकर आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी उनके विचारों के आधार पर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, दर्जाधारी मंत्री मधु भट्ट, भगवत प्रसाद मकवाना, महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों, सुनील शर्मा, ओम कक्कड़, राजेश कंबोज, संध्या थापा, महानगर महामंत्री विजेंद्र थपलियाल, महानगर मंत्री मोहित शर्मा, जगदीश सेमवाल, विनोद शर्मा, मोतीराम, अशोक वर्मा, हरीश नारंग, कमलेश रमन, आशीष नागराथ, प्रदीप कुमार, आशीष शर्मा, सुमित पांडे, शशिकांत, यासमीन आलम, सुमन, सुषमा कुकरेती, रंजीत सेमवाल, पवन, राहुल पवार, सौरभ शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।