सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर रूद्रपुर में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित
छात्रों, शिक्षकों और अधिकारियों को किया गया जागरूक
रूद्रपुर,10 फरवरी 2026।
सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सूचना एवंविज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार, रूद्रपुर में एक दिवसीय साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, अध्यापकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही जनपद के समस्त तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों के स्वान (SWAN) केंद्रों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी इस कार्यशाला का प्रसारण किया गया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य शिक्षा अधिकारी कुंवर सिंह रावत उपस्थित रहे। उन्होंने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर विद्यार्थियों के लिए।
कार्यशाला के दौरान इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल अथवा संदेश से बचें और अपनी व्यक्तिगत जानकारियों को सुरक्षित रखें। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों एवं आम जनमानस को इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, अपनी निजी जानकारी किसी से साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने शिक्षक, अभिभावक, नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर पोर्टल www.cybercrime.gov.in� के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कार्यशाला के माध्यम से छात्रों को एक सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यशाला के अंत में छात्र-छात्राओं के साथ इंटरनेट एवं साइबर अपराध को लेकर संवाद किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यशाला का आयोजन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमन्त मौर्य एवं अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी लक्ष्मी चौहान के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा वर्चुअल माध्यम से तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।