देहरादून में ‘नमो क्रिकेट लीग-2026’ का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन
बोले —‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ का संदेश युवाओं को देगा सकारात्मक दिशा

देहरादून,
19 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग-2026’ के उत्तराखंड संस्करण का शनिवार को देहरादून में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पांच राज्यों में आयोजित की जा रही इस क्रिकेट लीग में करीब 3,200 टीमें और 50 हजार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ का संदेश भी दिया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल और फिटनेस को जनआंदोलन का स्वरूप देकर युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और खेलों के प्रति उत्साह पैदा किया है। उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के पॉलिटिकल एडवाइजर तरुण भंडारी द्वारा प्रारंभ की गई यह लीग युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करेगी। ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ का संदेश युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ समाज में स्वस्थ वातावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मंत्री जोशी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि करीब 3,200 टीमों और 50 हजार खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन की व्यापकता और युवाओं के उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त भारत के निर्माण की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में अमन बंसल, रंजीत सिंह मन्न, सुमित अदलखा, आदित्य विक्रम सिंह, अंशुल चावला, निलेश पाठक, जगदीश रेग्मी, भाजपा मंडल महामंत्री किरण, सपना मल, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, माया राणा सहित आयोजन समिति के सदस्य, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।



