उत्तराखण्डराज्य

सुबोध उनियाल के निर्देश पर 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक लगेंगे ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर

हर ब्लॉक और तहसील स्तर पर होंगे शिविर, पात्र लाभार्थियों को मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक लगेंगे ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर

देहरादून 19 सितम्बर । सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों में ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर शिविरों के आयोजन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित करने के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। मौके पर पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश देते हुए ट्री प्रोटेक्शन एक्ट तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में भी लोगों को जागरूक करने को कहा। जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, संबंधित योजनाओं एवं विभागीय उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उनियाल ने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार होर्डिंग्स, बैनर एवं अन्य माध्यमों से करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन चलेगा
राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। प्रत्येक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे और प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन संचालित होगा। कार्यक्रमों की नियमित रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां लाभार्थियों के चयन के साथ आवेदन पत्र भरने की सुविधा उपलब्ध होगी। योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाया जा सके।
बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button