मोहम्मद दीपक को जन अधिकार पार्टी (ज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली का बड़ा ऑफर, उत्तराखंड की किसी भी विधानसभा सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
कोटद्वार 05 फरवरी।
जन अधिकार पार्टी (ज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने कोटद्वार में इंसानियत की मिसाल कायम करने वाले दीपक कुमार उर्फ़ “मोहम्मद दीपक” को उत्तराखंड की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का बड़ा प्रस्ताव दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दीपक कुमार इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं, तो जन अधिकार पार्टी (ज) उन्हें अपने बलबूते पर चुनाव मैदान में उतारेगी।
आज़ाद अली ने कहा कि कोटद्वार में जिस प्रकार दीपक कुमार ने एक बुज़ुर्ग मुस्लिम टेलर को हुड़दंगाइयों की प्रताड़ना से बचाने के लिए साहस और मानवता का परिचय दिया, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि उस दौरान दीपक ने स्वयं को “मोहम्मद दीपक” बताकर न केवल उस बुज़ुर्ग की मदद की, बल्कि भाईचारे और इंसानियत की मिसाल भी पेश की।
उन्होंने कहा कि इस घटना के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दीपक पर हमला करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी की गई, लेकिन इसके बावजूद दीपक डटे रहे और मानवता का पक्ष मजबूती से रखा।
जन अधिकार पार्टी (ज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज “मोहम्मद दीपक” केवल एक नाम नहीं, बल्कि साहस, इंसानियत और आपसी भाईचारे का प्रतीक बन चुका है। ऐसे व्यक्तित्व को विधानसभा तक पहुंचना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिले।
आज़ाद अली ने यह भी कहा कि यदि मोहम्मद दीपक जैसे लोग विधानसभा में पहुंचते हैं, तो न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश में आपसी सद्भाव और इंसानियत की नई मिसाल कायम होगी।
