उत्तराखण्डशासन

कल्याणी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए सख्त निर्देश, सीडीओ दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में सिडकुल कंपनियों संग बैठक

रुद्रपुर,03 फरवरी 2026। कल्याणी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में जिला सभागार में सिडकुल क्षेत्र में स्थापित औद्योगिक कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना ट्रीट किया गया औद्योगिक अपशिष्ट जल किसी भी स्थिति में कल्याणी नदी में न छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सभी कंपनियां अपने-अपने ट्रीटमेंट प्लांटों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें ताकि प्रदूषित जल का पूर्ण उपचार किया जा सके। सीडीओ ने बताया कि एक माह के उपरांत कंपनियों से निकलने वाले पानी की सैम्पलिंग एवं जांच कराई जाएगी, और यदि किसी कंपनी द्वारा दूषित पानी नदी में छोड़े जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने आरएम सिडकुल एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी औद्योगिक इकाइयों में स्थापित ट्रीटमेंट प्लांटों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि वे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। साथ ही जिन कंपनियों द्वारा खतरनाक रासायनिक पदार्थों का प्रयोग किया जाता है, उनकी सूची तैयार कर नियमित जांच करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कल्याणी नदी के जल की सैम्पलिंग सिडकुल क्षेत्र में प्रवेश से पूर्व, सिडकुल क्षेत्र समाप्ति के बाद अटरियां मंदिर के पास, तथा शहर समाप्ति के बाद उत्तर प्रदेश सीमा पर कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किस क्षेत्र में नदी का जल कितनी मात्रा में प्रदूषित हो रहा है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी/आरएम सिडकुल मनीष बिष्ट, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एस.पी. सिंह, सहायक अभियंता सुनील कुमार, दिलदार अली सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के एचआर हेड एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button