रुद्रपुर में पार्षद सौरभ बेहड़ पर नकाबपोश बदमाशों का जानलेवा हमला, इलाके में दहशत

देहरादून/रुद्रपुर,18 जनवरी। रुद्रपुर में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किच्छा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ के छोटे पुत्र और आवास विकास क्षेत्र के पार्षद सौरभ बेहड़ पर दो बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने अचानक हमला कर दिया। यह घटना आवास विकास चौकी के पास हुई, जहां सौरभ किसी पुराने विवाद से जुड़े मामले में पंचायत के लिए जा रहे थे।
कैसे हुआ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही सौरभ बेहड़ आवास विकास चौकी के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी स्कूटी को जोरदार लात मारकर गिरा दिया। सौरभ सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे सड़क पर तड़पते रहे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, तभी हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित क्षेत्र के कई लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल सौरभ बेहड़ को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बाद में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि हमला किसी पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है।
इलाके में रोष और दहशत
दिनदहाड़े एक जनप्रतिनिधि पर हुए हमले से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


