मुख्यमंत्री ने 215 उपनिरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने का किया आह्वान
देहरादून, 31 दिसंबर 

। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में 215 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 104 उपनिरीक्षक, 88 गुल्मनायक (पीएसी) एवं 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि अब तक की परीक्षा केवल शुरुआत थी, वास्तविक परीक्षा अब शुरू हो रही है, जिसमें उन्हें प्रदेश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड दो अंतरराष्ट्रीय एवं दो आंतरिक सीमाओं से जुड़ा राज्य है। यहां शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशा नियंत्रण, साइबर अपराध, महिला अपराध, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, चारधाम एवं कांवड़ यात्रा जैसे अनेक मोर्चों पर पुलिस की प्रभावी भूमिका रहती है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्मार्ट पुलिस’ विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक उपकरणों एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में पुलिस कर्मियों के आवास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं तथा कैशलैस स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था की गई है। साथ ही पुलिस कर्मियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा एवं डेटा एनालिटिक्स जैसी उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
महिला सुरक्षा को लेकर उत्तराखंड पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने महिला अपराधों के निस्तारण में राष्ट्रीय औसत से दोगुनी सफलता हासिल की है। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार पोक्सो एवं महिला अपराधों के मामलों के निस्तारण में उत्तराखंड देश में पाँचवें स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और सभी परीक्षाएँ पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा राज्य की शांति, सुरक्षा और जनता के विश्वास को और मजबूत बनाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री खजानदास एवं श्री उमेश शर्मा काऊ, सचिव गृह श्री शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन एवं श्री ए.पी. अंशुमान, आईजी श्री योगेन्द्र सिंह रावत सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

