अपराधताज़ा खबरराष्ट्रीयविशेष समाचार

समंदर में भारत का महा-एक्शन: ₹3,000 करोड़ की ड्रग्स के साथ 5 पाकिस्तानी गिरफ्तार, ईरान से पंजाब तक फैला था ‘मौत का नेटवर्क

नई दिल्ली/मुंबई। देश की युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने की एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश को भारतीय जांबाजों ने समंदर के बीचों-बीच नेस्तनाबूद कर दिया है। भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) और गुजरात एटीएस (Gujarat ATS) ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर अरब सागर में एक हैरान कर देने वाले ऑपरेशन को अंजाम दिया है। एजेंसियों ने लक्षद्वीप के पश्चिम में एक संदिग्ध ईरानी नाव (धौ) को खदेड़कर पकड़ा, जिससे 526 किलोग्राम बेहद खतरनाक ड्रग्स बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।
नाव पर सवार 5 पाकिस्तानी तस्करों को दबोच लिया गया है, जो इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे। 
देश को खोखला करने की बड़ी साजिश: ईरान से वाया हिंदुस्तान, टारगेट पर था पंजाब!
सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, नशे की यह खौफनाक खेप ईरान से लोड की गई थी। इस सिंडिकेट का प्लान भारतीय समुद्री सीमा का फायदा उठाकर ड्रग्स को हिंदुस्तान की जमीन पर उतारना था, जहां से इसे मुख्य रूप से पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में सप्लाई किया जाना था। इस नाकाम कोशिश के पीछे पाकिस्तान के पेशावर से जुड़े बड़े ड्रग सिंडिकेट का हाथ बताया जा रहा है। 
‘हॉट परस्यूट’: फिल्मी अंदाज में समंदर में घेराबंदी और सरेंडर
खुफिया इनपुट मिलने के बाद तटरक्षक बल ने समंदर से लेकर आसमान (Air-Sea Surveillance) तक तगड़ी निगरानी बिठाई। जैसे ही संदिग्ध ईरानी नाव को ट्रैक किया गया, कोस्टगार्ड के जहाजों ने उसका पीछा (Hot Pursuit) करना शुरू कर दिया। चारों तरफ से घिर जाने के बाद तस्करों के पास सरेंडर करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।
जब नाव की गहन तलाशी ली गई, तो सुरक्षा अधिकारी भी दंग रह गए। नाव के भीतर भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) छिपाई गई थी।
मुंबई लाई गई खेप, गृहमंत्री अमित शाह ने थपथपाई पीठ
पकड़े गए पांचों पाकिस्तानी नागरिकों, नाव और जब्त की गई ड्रग्स को कड़े सुरक्षा घेरे में मुंबई पोर्ट लाया गया है, जहां केंद्रीय एजेंसियां और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) इनसे संयुक्त पूछताछ कर रही हैं।
इस ऐतिहासिक कामयाबी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर सुरक्षा एजेंसियों की पीठ थपथपाई है। उन्होंने साफ किया कि ड्रग्स के वैश्विक नेटवर्क और इसके पीछे छिपे आकाओं को बेनकाब करने के लिए जांच बेहद कड़ाई से आगे बढ़ रही है और भारत की धरती व सीमाओं को नशे के सौदागरों के लिए कब्रिस्तान बना दिया जाएगा।
रिपोर्ट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।

Related Articles

Back to top button