STF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की 4.1 किलो चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

चम्पावत में STF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की 4.1 किलो चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
देहरादून, 25 नवंबर।
अरिहंत समाचार
उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की है। STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में एक आरोपी को 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
STF के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश सिंह तिसल्ला निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था।
इस कार्रवाई को STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और थाना लोहाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद STF अब आरोपी से पूछताछ कर चरस की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि नशे की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
STF ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



