उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

अशोक अग्रवाल फिर बने अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तराखंड के दीपक सिंघल को दिल्ली में मिला सम्मान

देशभर में सर्वाधिक पैटर्न मेंबर बनाने पर उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल का हुआ सम्मान, राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में वैश्य समाज की एकता, संगठन और सामाजिक समरसता पर दिया गया जोर

नई दिल्ली 02 नवंबर । अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक एवं सम्मान समारोह शनिवार को नई दिल्ली के रोहिणी स्थित एक निजी होटल में आयोजित किया गया। बैठक में डॉ. अशोक अग्रवाल को एक बार फिर सर्वसम्मति से निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उनके पुनर्निर्वाचन पर देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे उनके नेतृत्व, समर्पण, कार्यक्षमता और संगठन के प्रति निष्ठा में विश्वास का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर उत्तराखंड के लिए भी गौरव का क्षण रहा। पूरे देश में उत्तराखंड प्रदेश द्वारा सर्वाधिक पैटर्न मेंबर बनाए जाने पर अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेता श्याम जाजू ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि को उत्तराखंड में संगठन की सक्रियता और वैश्य समाज को एकजुट करने के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया।

बैठक में कोषाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने संगठन के वित्तीय वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि संगठन की बैंक में जमा एफडी छह करोड़ रुपये से बढ़ाकर सात करोड़ रुपये कर दी गई है। मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज के उत्थान और देश में अपनी सशक्त पहचान एवं प्रभाव स्थापित करने के लिए समाज का संगठित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का रुझान नौकरियों की ओर अधिक बढ़ रहा है और वे पारिवारिक व्यापार से दूर होते जा रहे हैं। युवाओं को व्यापार एवं उद्यमिता की ओर प्रोत्साहित करने के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की आगामी कार्यकारिणी में युवा चेहरों को विशेष स्थान दिया जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय नेता श्याम जाजू ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए एकता, आपसी सामंजस्य और संख्या बल आवश्यक है। इसके लिए अधिक से अधिक लोगों को वैश्य मित्र सदस्य बनाकर संगठन से जोड़ना होगा। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज ने देश को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने और राष्ट्र निर्माण में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने सामाजिक उत्थान, संगठन की मजबूती और आपसी सहभागिता को समय की आवश्यकता बताया।

समारोह के दौरान व्यापार, समाज सेवा, चिकित्सा, उद्योग, दिव्यांगजनों के उत्थान एवं विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वैश्य मित्र सदस्य बनाने, पैटर्न मेंबर जोड़ने और संगठनात्मक गतिविधियों में विशेष सहयोग देने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी सम्मान किया गया।

Advt.

कार्यक्रम में महामंत्री रमेश गोयल, प्रदेश युवा अध्यक्ष सचिन गुप्ता, संजय अग्रवाल, राजीव गर्ग, राजेंद्र अग्रवाल, ऋतु गोयल, उपाध्यक्ष कौशलेश गुप्ता सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ समेत देश के विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, विधायक, उद्योगपति, विशिष्ट अतिथि और आजीवन सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन को देशव्यापी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, नई पीढ़ी को व्यापार से जोड़ने तथा समाज में एकता, सामंजस्य और समरसता की भावना को प्रोत्साहित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button