कासिगा स्कूल में खेल समारोह एवं वार्षिक फेट ‘फेस्टोरिया’ का भव्य आयोजन
खेल, कला और मनोरंजन का संगम बना कासिगा स्कूल का वार्षिक समारोह ‘फेस्टोरिया’
*मार्च पास्ट,घुड़सवारी और एथलेटिक्स ने मोहा मन,रंगारंग गतिविधियों के साथ सजा ‘फेस्टोरिया’*
देहरादून 02 नवंबर । कासिगा स्कूल में खेल भावना, अनुशासन, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता का उत्सव मनाते हुए खेल समारोह एवं वार्षिक फेट ‘फेस्टोरिया’ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने तथा मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर प्रदान किया।
प्रातःकाल खेल समारोह का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन श्री रमेश बत्ता द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. संजय सारस्वत को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय प्रमुख डॉ. माधवदेव सारस्वत ने चेयरमैन श्री रमेश बत्ता का स्वागत किया। निदेशक (वित्त) एवं निदेशिका (कल्याण) का स्वागत उप विद्यालय प्रमुख श्री सुनील जैन द्वारा किया गया। इसके पश्चात मार्च पास्ट एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकता और खेल भावना का परिचय देते हुए आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि डॉ. संजय सरस्वत ने गुब्बारे छोड़कर खेल प्रतियोगिताओं के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. संजय सरस्वत भारतीय खेल प्राधिकरण के सेवानिवृत्त उप महानिदेशक एवं प्रतिष्ठित खेल प्रशासक हैं। खेल प्रशासन, प्रतिभा विकास, खेल शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय खेल सहयोग के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। वे ताइक्वांडो में पाँचवीं डैन ब्लैक बेल्ट धारक हैं तथा लगभग एक दशक तक राष्ट्रीय चैंपियन रहे हैं। उन्होंने तीन एशियाई चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है। खेलों के विकास में उनके योगदान के लिए उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
मार्च पास्ट के पश्चात ओवल मैदान में आर्मी, आईआरबी एवं विद्यालय के बैंड की शानदार प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। घुड़सवारी का रोमांचक प्रदर्शन भी समारोह का विशेष आकर्षण रहा। इसके बाद एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने 60 मीटर एवं 100 मीटर दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीनियर बालक-बालिकाओं की 4×100 मीटर रिले दौड़ ने दर्शकों में विशेष उत्साह पैदा किया। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने सामूहिक एरोबिक्स एवं ज़ुम्बा प्रदर्शन के माध्यम से अपनी ऊर्जा, तालमेल और सामूहिक भावना का परिचय दिया।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। परेड में अनुशासन, एकरूपता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पेसिफिक सदन को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, बेस्ट एथलेटिक कप पर नाइल सदन ने अपना कब्ज़ा जमाया।
वार्षिक फेट ‘फेस्टोरिया’:मनोरंजन, उत्साह और रचनात्मकता का संगम
खेल गतिविधियों के साथ -साथ वार्षिक फेट ‘फेस्टोरिया’ विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों के लिए मनोरंजन और उल्लास से भरपूर रहा। फेट में विभिन्न मनोरंजक खेलों, रचनात्मक गतिविधियों और आकर्षक स्टॉलों की व्यवस्था की गई, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
फेट के प्रमुख आकर्षणों में लकी ड्रॉ, पॉटरी, डीजे संगीत एवं गुलाब की स्टिक, अंडरवॉटर कॉइन चैलेंज, फिन-टास्टिक फिशिंग, सेवन अप, व्हील ऑफ फॉर्च्यून, बैलून स्टॉल, रिंग टू विन (हूपला), अल्टीमेट कप स्टैकिंग, फ्लिप द कप एंड कैच द बॉल, रोलिंग बॉल्स तथा माइंड-बोगलिंग कलर्स शामिल रहे। इसके अतिरिक्त, पुरुकुल स्त्री शक्ति, आर्टे हैंडमेड और स्पार्कल एंड ट्रीट के विशेष स्टॉलों ने भी आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
खेल समारोह एवं वार्षिक फेट ‘फेस्टोरिया’ का संयुक्त आयोजन विद्यार्थियों में शारीरिक सक्रियता, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। इस आयोजन ने विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं समस्त विद्यालय समुदाय को एक सूत्र में पिरोते हुए उत्साह, सहयोग और सामूहिक उपलब्धियों का यादगार उत्सव प्रस्तुत किया।