उत्तर प्रदेशजनसुनवाई

विधायक अशरफ अली खान ने विधानमंडल की समिति की बैठक में पुरजोर तरीके से उठाए जनहित के मुद्दे

अधूरे नाला निर्माण, नगर निकायों में अधिशासी अधिकारियों की कमी तथा जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठाया

लखनऊ 28 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान भवन, लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश विधानमंडल की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति (2025-26) की बैठकों में थानाभवन विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक अशरफ अली खान ने जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की।

उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय से संबंधित बैठक में विधायक अशरफ अली खान ने सीएंडडीएस द्वारा नगरीय क्षेत्रों में कराए जा रहे नाला निर्माण कार्यों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अनेक स्थानों पर नालों का निर्माण अधूरा है अथवा कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा कराकर उन्हें शीघ्र पूरा कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने माननीय सभापति महोदय के समक्ष यह मुद्दा पुरजोर तरीके से रखते हुए अधूरे कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने की मांग की।

विधायक ने प्रदेश के नगर निकायों में अधिशासी अधिकारियों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से जनपद शामली की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि एक ही अधिशासी अधिकारी को कई-कई नगर पंचायतों का प्रभार सौंपे जाने से प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त अधिशासी अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि नगर निकायों में विकास कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

वहीं, उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण से संबंधित बैठक में विधायक अशरफ अली खान ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच के संबंध में अपना विस्तृत पत्र माननीय सभापति महोदय को सौंपा।

उन्होंने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि क्षेत्र के अनेक ग्रामों में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कें अभी तक समुचित रूप से दुरुस्त नहीं की गई हैं। विभागीय सूची में कुछ स्थानों पर मरम्मत कार्य पूर्ण दर्शाए जाने के बावजूद स्थलीय निरीक्षण में कार्य अधूरे पाए गए हैं। उन्होंने माननीय जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से लागू कराने, कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराने तथा सभी अपूर्ण सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की भी जांच कराने पर जोर दिया।

विधायक अशरफ अली खान ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित मंचों पर उठाना और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि संबंधित विभाग इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे, ताकि विकास कार्यों में आ रही बाधाएँ दूर हों और जनता को वास्तविक राहत मिल सके।

Advt.

Related Articles

Back to top button