उत्तर प्रदेशजनकल्याणकारी योजना

थानाभवन की बिजली समस्याएं विधानसभा समिति में गूंजीं, विधायक अशरफ अली खान ने प्रमुख सचिव के समक्ष उठाए मुद्दे; ऊर्जा मंत्री से भी की मुलाकात

लखनऊ 27 अक्टूबर । थानाभवन विधायक अशरफ अली खान ने आज लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश विधानसभा के समिति कक्ष में आयोजित उत्तर प्रदेश विधानमण्डल की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति (2025-2026) की बैठक में अपने विधानसभा क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रमुख सचिव के समक्ष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग रखी। समिति की बैठक के बाद विधायक ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात कर भी इन समस्याओं को उठाया और त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।

विधायक अशरफ अली खान ने ग्राम यारपुर तथा ग्राम अम्बेहटा याकुबपुर स्थित विद्युत उपकेंद्रों पर बढ़ते विद्युत भार और ओवरलोडिंग की समस्या को उठाते हुए दोनों उपकेंद्रों पर अतिरिक्त 5-5 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर स्थापित करने अथवा मौजूदा 5-5 एमवीए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 10-10 एमवीए करने की मांग की। उन्होंने बताया कि अत्यधिक विद्युत भार के कारण क्षेत्र के किसानों, नलकूप उपभोक्ताओं और ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके साथ ही विधायक ने ग्राम उस्मानपुर की बाहरी आबादी तक विद्युत लाइन का विस्तार कराने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पुरानी आबादी और नई बस्ती के बीच रेलवे लाइन होने के कारण विद्युत लाइन पहुंचाने में कठिनाई आ रही है। लगभग एक किलोमीटर दूर से लाइन लाने का खर्च संबंधित परिवारों के लिए वहन करना संभव नहीं है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
विधायक अशरफ अली खान ने समिति की बैठक में प्रमुख सचिव के समक्ष और ऊर्जा मंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को राहत मिल सके और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हो।

Related Articles

Back to top button