उत्तराखण्डसंगीतसंस्कृति

किशोर दा की 39वीं पुण्यतिथि पर उत्तराखंड में रचेगा इतिहास, 39 घंटे का अखंड गायन महा-अनुष्ठान

देहरादून के 150 से अधिक कलाकार 500 से ज्यादा गीतों के जरिए देंगे स्वरांजलि, मां गौरी ओल्ड एज होम के सहयोगार्थ होगा आयोजन

देहरादून 13 अक्टूबर । भारतीय संगीत जगत के महान गायक किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड में एक अनूठा संगीत महा-अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। देहरादून म्यूजिक इंडस्ट्री की ओर से आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में 150 से अधिक स्थानीय गायक, वादक और संगीतकार लगातार 39 घंटे तक किशोर दा के 500 से अधिक कालजयी गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें भावपूर्ण स्वरांजलि अर्पित करेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह अपनी तरह का पहला आयोजन होगा, जो उत्तराखंड के सांस्कृतिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ने का प्रयास है।
कार्यक्रम के मुख्य प्रस्तावक एवं श्रृंखला सांस्कृतिक समूह के अध्यक्ष पीयूष निगम ने बताया कि इस दो दिवसीय संगीत महोत्सव को ‘म्यूजिकथोन’ नाम दिया गया है। इसका आयोजन देहरादून के प्रसिद्ध अटलांटिस क्लब, पंडितवाड़ी में किया जाएगा। इस संगीत साधना में देहरादून के लगभग 20 म्यूजिकल ग्रुपों के कलाकार हिस्सा लेकर सुरों के माध्यम से किशोर दा को श्रद्धांजलि देंगे।
बुजुर्गों के सहयोगार्थ होगा आयोजन
इस महा-अनुष्ठान का उद्देश्य केवल संगीत के माध्यम से महान गायक को श्रद्धांजलि देना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती प्रदान करना है। आयोजन मां गौरी ओल्ड एज होम के सहयोगार्थ किया जा रहा है। संस्था का प्रयास है कि घर से बेघर हुए बुजुर्गों को अपनापन, सम्मान और खुशियां देने के साथ उनके लिए सहयोग जुटाया जा सके। संगीत और सेवा के इस संगम को आयोजन की विशेष पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
श्रृंखला सांस्कृतिक समूह और जेम्स एक्सक्लूसिव की पहल
आयोजन को श्रृंखला सांस्कृतिक समूह के साथ पीयूष श्रीवास्तव एवं चारु त्यागी श्रीवास्तव की कंपनी जेम्स एक्सक्लूसिव सहयोग दे रही है। आयोजकों के अनुसार, कंपनी पूर्व में मुंबई में एनडीटीवी के साथ ‘ग्रीनिथोन’ और ‘टेलीथोन’ जैसे बड़े आयोजनों से जुड़ी रही है। इस बार देहरादून के स्थानीय कलाकारों को एक मंच पर लाकर ‘म्यूजिकथोन’ के माध्यम से संगीत का अनूठा आयोजन प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्यक्रम की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि 39 घंटे तक चलने वाली गायन श्रृंखला में कलाकार निर्धारित समय-स्लॉट के अनुसार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। गायकों की क्रमवार सूची, प्रस्तुतियों का समय और मंच संचालन की पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित रूप दिया गया है, जिससे यह संगीत महा-अनुष्ठान निरंतर जारी रह सके।
सामूहिक रूप से होगा शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ इंजीनियर नरेंद्र सिंह चौहान, योग गुरु शालिनी गुरुंग और मां गौरी ओल्ड एज होम की संस्थापिका प्रतिभा बहुगुणा जोशी संयुक्त रूप से करेंगी। इस दौरान किशोर कुमार के सदाबहार गीतों के माध्यम से उनके संगीत योगदान को याद किया जाएगा।
लगभग 20 म्यूजिकल ग्रुपों के कलाकार होंगे शामिल
इस महा-अनुष्ठान में देहरादून के विभिन्न संगीत समूहों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें ओल्ड इज गोल्ड के संदीप गुप्ता, वॉयस ऑफ देहरादून के बालेश गुप्ता, पल्स म्यूजिकल ग्रुप के डॉ. विनोद गुप्ता, संगीत प्रेमी दिल से दिल तक के आशीष ठाकुर एवं मनीषा आले, गोविंद राइजिंग स्टार के प्रदीप राय एवं सुनीता क्षेत्री, सुर गंगा के कैप्टन बंसीलाल, सीएम जोशी एवं बीएन गोदियाल, स्वर संगम म्यूजिकल ग्रुप की सुमन डोभाल काला, गीत गाता चल के नीरज डंगवाल, तरंग के संदीप रावत तथा लय झंकार की शीला सहित अन्य कलाकार शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त सतीश म्यूजिकल ग्रुप के सतीश कुमार, कराओके म्यूजिकल ग्रुप के कमल खत्री, सुर संगम दिल से दिल तक लाइव म्यूजिकल ग्रुप के दानिश सिद्दीकी, आरुषी लाइव ऑर्केस्ट्रा सिंगिंग ग्रुप के श्रवण किशोर कुमार, श्रृंखला सांस्कृतिक समूह के संजीव वर्मा, पीयूष निगम एवं अमित रावत, सुर संगम के महेंद्र सिंह राणा, योर वॉयस कराओके ग्रुप के सुभाष वोरा, संगीत का सफर सिंगिंग ग्रुप के संदीप अग्रवाल, सरगम म्यूजिकल ग्रुप के राहुल अग्रवाल और बीट्स ऑफ दून के राजेंद्र सिंह सहित अनेक कलाकार इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
अमित कुमार से मांगा आशीर्वाद संदेश
आयोजन को और अधिक यादगार बनाने के लिए श्रृंखला सांस्कृतिक समूह ने किशोर कुमार के सुपुत्र एवं गायक अमित कुमार से संपर्क कर देवभूमि के कलाकारों के लिए विशेष आशीर्वाद, वीडियो संदेश और लिखित शुभकामना संदेश देने का अनुरोध किया है। संस्था की योजना है कि अमित कुमार के हस्ताक्षरयुक्त संदेश को प्रमाणपत्र के रूप में अनुष्ठान में भाग लेने वाले कलाकारों को स्मृति-चिह्न के तौर पर प्रदान किया जाए। इससे कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनके लिए यह आयोजन जीवनभर की यादगार बन सकेगा।
सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय है श्रृंखला
श्रृंखला सांस्कृतिक समूह विगत कई वर्षों से सांस्कृतिक, सामाजिक, साहित्यिक, शैक्षणिक और पर्यावरणीय क्षेत्रों में योगदान देता आ रहा है। संस्था विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को ‘श्रृंखला श्री सम्मान’ से सम्मानित करती है। पूर्व में संस्था सुप्रसिद्ध गीतकार समीर अंजान, संतोष आनंद, गायक कुमार सानू, उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, लोकगायिका बसंती बिष्ट, अर्थशास्त्री एवं फिल्म साहित्यकार डॉ. इंद्रजीत सिंह, तबला वादक निशित गंगानी, शास्त्रीय गायक हिमांशु दरमोड़ा और राष्ट्रीय कवि एवं गीतकार बुद्धिनाथ मिश्र सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों को ‘श्रृंखला श्री उत्तराखंड रत्न’ से सम्मानित कर चुकी है।
आयोजकों का कहना है कि किशोर दा की स्मृति में आयोजित यह 39 घंटे का अखंड गायन महा-अनुष्ठान उत्तराखंड के संगीत जगत को नई पहचान दिलाने के साथ युवा कलाकारों का मनोबल बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संगीत, कला और सामाजिक सेवा के इस अनूठे संगम को लेकर देहरादून के संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह है।

Related Articles

Back to top button