रायपुर में 72 वर्षीय महिला की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, परिचित हेल्पर गिरफ्तार
बकाया मजदूरी के विवाद में आरोपी ने कड़े से किया हमला, मुंह दबाकर की हत्या; सोने का कड़ा और वारदात में प्रयुक्त कड़ा बरामद
देहरादून,
04 सितंबर। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का देहरादून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतका के पति की बुक शॉप में हेल्पर के रूप में काम करता था और करीब 15 वर्षों से परिवार को जानता था। बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और उसके हाथ से सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, 03 सितंबर 2026 को रायपुर निवासी दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना पर थाना रायपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से चिकित्सकीय सहायता दिलाई गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मृतका के पति की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 360/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के अनावरण के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के माध्यम से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान घटना में विनीत कुमार की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपी को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका से लूटा गया पीली धातु का कड़ा, घटना में प्रयुक्त आरोपी का कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
बकाया मजदूरी के विवाद में वारदात का दावा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और पिछले करीब 10 वर्षों से देहरादून में परिवार के साथ रह रहा है। वह रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य करता था। इसके अलावा वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर के रूप में भी काम करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसकी कुछ मजदूरी दिनेश बंसल के पास बकाया थी। घटना के दिन वह दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। उसे जानकारी थी कि घर के पीछे का दरवाजा खुला रहता है। घर में उस समय रेखा बंसल अकेली थीं। आरोपी ने उनसे बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार किया, जिससे वह घायल होकर बिस्तर पर गिर गईं। उनके चिल्लाने पर आरोपी घबरा गया और कथित तौर पर उनका मुंह दबा दिया। इसके बाद आरोपी ने उनके हाथ से सोने का कड़ा निकाला और वहां से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए।
आरोपी विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी ग्राम मंजयाली, नौगांव, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, उत्तरकाशी तथा वर्तमान निवासी अजबपुर कलां, देहरादून है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1)/309(4)/117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की है।
पुलिस टीम को पुरस्कार
घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा ₹5,000 तथा एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2,500 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्रवाई में थाना रायपुर पुलिस के साथ एसओजी की टीम शामिल रही। टीम में थानाध्यक्ष संजीत कुमार, व0उ0नि0 भरत सिंह रावत, उ0नि0 दीपक द्विवेदी, उ0नि0 दीपक पवार, उ0नि0 नरेंद्र बिष्ट, उ0नि0 पूनम खत्री सहित पुलिसकर्मी तथा एसओजी से निरीक्षक खुशीराम पांडे, उ0नि0 संदीप कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।