उत्तराखण्डकृषि खेती

उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के फल उत्पादकों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से लगाई गुहार, मंडी व्यवस्था में सुधार की मांग

देहरादून, 03 सितंबर। उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के ग्राम जागटा से आए फल उत्पादक किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को कैंप कार्यालय में कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

किसानों ने बताया कि फल मंडियों में उनसे मंडी शुल्क और अन्य खर्चों के नाम पर कई तरह की कटौतियां की जा रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मंडियों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल, विश्राम और ठहरने जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

साथ ही किसानों ने मांग की कि हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों में लागू किसान हितैषी मंडी व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उत्तराखंड में भी पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि फल उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और अनावश्यक कटौतियों पर रोक लग सके।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने मंडी निदेशक / एमडी मंडी को इस प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर मनमोहन सिंह चौहान सहित किसान प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Back to top button