उत्तराखण्डविदेशविशेष समाचार

जाम्बिया, लिथुआनिया और जमैका में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ राजनयिकों ने डीजीपी दीपम सेठ से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून, 02 सितंबर 2026। उत्तराखंड भ्रमण पर आए भारत के वरिष्ठ राजनयिकों ने बुधवार को सरदार पटेल भवन, देहरादून में पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ से शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट Mid-Career Training Programme (MCTP-III) के अंतर्गत आयोजित की गई।
इस दौरान जाम्बिया के लुसाका में भारत के हाई कमिश्नर आलोक रंजन झा, लिथुआनिया के विलनियस में भारत के राजदूत देवेश उत्तम तथा जमैका के किंग्स्टन में भारत के हाई कमिश्नर मयंक जोशी ने डीजीपी से उत्तराखंड की पुलिसिंग, सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राजनयिकों को उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप पुलिस द्वारा किए जा रहे आपदा राहत एवं बचाव कार्यों, सीमा सुरक्षा प्रबंधन, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, चारधाम एवं कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन तथा कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग, ड्रोन एवं सीसीटीवी से निगरानी, यातायात प्रबंधन, त्वरित आपदा प्रतिक्रिया और साइबर सुरक्षा आधुनिक पुलिसिंग के महत्वपूर्ण आधार हैं। विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को भी प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक बताया गया। पर्यटन और तीर्थाटन के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
वहीं, तीनों वरिष्ठ राजनयिकों ने जाम्बिया, लिथुआनिया और जमैका की भौगोलिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं के साथ-साथ वहां की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। भारत के साथ इन देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों तथा सुरक्षा, तकनीक, आपदा प्रबंधन और Best Practices के पारस्परिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
बैठक में बदलती अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों, साइबर अपराध, आपदा प्रबंधन और आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल जैसे समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि इस प्रकार के संवाद से पुलिसिंग एवं सुरक्षा के क्षेत्र में वैश्विक अनुभवों और Best Practices के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा तथा पारस्परिक सहयोग की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

Related Articles

Back to top button