दुकानदारों को नोटिस का मामला, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन
करीब 65 व्यापारियों को मिले नोटिसों का मुद्दा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाएंगे पंकज कुमार मेंसोन
देहरादून,
19 अक्टूबर। रिहायशी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानदारों को जारी किए जा रहे नोटिसों के मामले में दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने सोमवार को MDDA, डालनवाला में बैठक कर व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (NTWB), DPIIT, भारत सरकार के उत्तराखंड सदस्य पंकज कुमार मेंसोन को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
बैठक में व्यापारियों ने रिहायशी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानदारों को मिल रहे नोटिसों पर चिंता जताई। पदाधिकारियों ने बताया कि लगभग 65 व्यापारियों को नोटिस प्राप्त हुए हैं। उन्होंने इस मामले में उचित हस्तक्षेप कर व्यापारियों को राहत दिलाने का आग्रह किया।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पंकज कुमार मेंसोन ने व्यापारियों से सभी संबंधित नोटिसों की प्रतियां ज्ञापन के साथ संलग्न कर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखेंगे और उनसे विस्तार से वार्ता करेंगे, ताकि प्रभावित व्यापारियों को राहत मिल सके।
बैठक में व्यापार से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।