प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के वंचित परिवारों की शिकायतों की सुनवाई 25 एवं 27 अगस्त को
टिहरी 23 अगस्त, 2026 ।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत पात्रता सूची में नाम शामिल किए जाने, नाम हटाए जाने, प्राथमिकता क्रम तथा विकासखंड स्तर पर की गई कार्रवाई से असंतुष्ट लाभार्थियों की शिकायतों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए जिलास्तरीय अपीलीय समिति का गठन किया गया है। समिति संबंधित लाभार्थियों की शिकायतों एवं अपीलों की सुनवाई कर उनका निस्तारण करेगी।
जिलास्तरीय अपीलीय समिति में परियोजना निदेशक, डीआरडीए टिहरी गढ़वाल सुश्री ज्योति, जिला विकास अधिकारी/सहायक परियोजना निदेशक, डीआरडीए टिहरी गढ़वाल श्री मोहम्मद असलम तथा गैर-सरकारी सदस्य के रूप में प्रमुख क्षेत्र पंचायत चम्बा श्रीमती सुमन सजवाण को शामिल किया गया है। विकासखंड स्तर पर प्राप्त निस्तारण से असंतुष्ट अथवा योजना की पात्रता सूची से हटाए गए लाभार्थी अपनी शिकायत/अपील समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
आवास प्लस सर्वे-2024 के अनुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में कुल 7,593 परिवारों का चिन्हांकन किया गया है। ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार पीडब्ल्यूएल में 7,336 पात्र लाभार्थी शामिल हैं, जबकि 230 लाभार्थियों को अपात्र पाया गया है। ग्राम सभा के निर्णय के आधार पर प्राप्त 04 आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है।
विवादित मामलों के अंतर्गत ऐप द्वारा अयोग्य पाए गए लाभार्थियों की कुल संख्या 1,896 है। अपात्र पाए गए लाभार्थियों के संबंध में 316 आपत्तियां दर्ज की गईं, जिनका निस्तारण किया जा चुका है। इनमें से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मानकों के अनुसार 303 लाभार्थियों को पात्रता की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इसके अतिरिक्त सर्वे में छूटे 1,681 लाभार्थियों का विवरण भी उपलब्ध है।
जिलास्तरीय अपीलीय समिति द्वारा संबंधित लाभार्थियों की *शिकायत/अपील की सुनवाई 25 एवं 27 अगस्त 2026 को विकास भवन,* टिहरी गढ़वाल में की जाएगी। संबंधित लाभार्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथियों में स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायत/अपील समिति के समक्ष प्रस्तुत करें तथा अपने पक्ष के समर्थन में उपलब्ध आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज साथ लेकर आएं।