विशाल रक्तदान शिविर में 140 यूनिट रक्त संग्रह, राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति भी किया गया जागरूक
देहरादून,
23 अगस्त 2026। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं माननीय जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून श्री हरीश कुमार गोयल के निर्देशानुसार शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून, समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज़ तथा आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
रक्तदान अभियान में स्थानीय नागरिकों, एनसीसी के छात्र-छात्राओं, आर्मी की मद्रास इंजीनियर यूनिट के 70 जवानों तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक कार्यकर्ताओं ने भी 20 लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर शिविर तक पहुंचाया। शिविर में कुल 140 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जिससे 140 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
इस अवसर पर सचिव श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने रक्तदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
अपने संबोधन में सचिव महोदया ने कहा कि “रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जो न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाता है, बल्कि रक्तदाता को भी आत्मिक संतुष्टि और गर्व का अनुभव कराता है। रक्तदान सबसे बड़ा दान है क्योंकि यह जीवनदान है। ऐसे अभियान समय-समय पर चलाकर अनगिनत जिंदगियों को बचाया जा सकता है।” उन्होंने सभी लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि अवसर मिलने पर वे स्वयं रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
श्रीमती डुँगराकोटी ने भविष्य में भी समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज़ एवं आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड को इसी प्रकार के विशाल रक्तदान अभियान आयोजित करने के लिए सहयोग और प्रोत्साहन देने की बात कही। संबंधित संस्थाओं ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के साथ पूर्व में भी कई सफल रक्तदान अभियान आयोजित किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान सचिव महोदया एवं पराविधिक कार्यकर्ता श्री हरीश रंसवाल ने उपस्थित लोगों को 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा जागरूकता पंपलेट वितरित किए। साथ ही लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया।
रक्तदान शिविर की मुख्य संयोजक बीके सुशील भाई एवं इंचार्ज मंजू दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा आयोजित यह अभियान राजयोगिनी बीके दादी प्रकाशमणि को श्रद्धासुमन अर्पित करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के इस महायज्ञ में समाज के सभी वर्गों का सहयोग प्रेरणादायक रहा।
शिविर की सफलता में पराविधिक कार्यकर्ता अंजना रंसवाल एवं मंजू रावत का भी विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई।