भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य 24 अगस्त को देहरादून में पत्रकारों एवं समाचार पत्र प्रकाशकों की समस्याओं पर करेंगे चर्चा
देहरादून, 23 अगस्त 2026। भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) के माननीय सदस्यगण 23 से 26 अगस्त 2026 तक राज्य भ्रमण के दौरान देहरादून में प्रवास करेंगे। इस दौरान परिषद के सदस्य पत्रकारों एवं समाचार पत्र प्रकाशकों की समस्याओं के साथ-साथ मीडिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श करेंगे। समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी परिषद के सदस्यों द्वारा साझा किए जाएंगे।
भारतीय प्रेस परिषद के माननीय सदस्य-संयोजक श्री गुरिंदर सिंह, श्री अरुण कुमार त्रिपाठी एवं श्री सुधीर कुमार पाण्डा 24 अगस्त 2026 को अपराह्न 12 बजे राज्य अतिथि गृह, बीजापुर में समाचार पत्रों के प्रकाशकों के साथ बैठक करेंगे।
बैठक में समाचार पत्र प्रकाशक अपनी समस्याओं, चुनौतियों एवं मीडिया से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों को परिषद के सदस्यों के समक्ष रखेंगे। इस दौरान प्रकाशकों और परिषद के सदस्यों के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत संवाद एवं विचार-विमर्श होगा।
बैठक का उद्देश्य समाचार पत्रों एवं पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े विषयों को समझना, संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक सुझाव प्राप्त करना तथा मीडिया से जुड़े मामलों पर प्रभावी संवाद स्थापित करना है। परिषद के सदस्य प्रकाशकों द्वारा उठाए जाने वाले विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
भारतीय प्रेस परिषद के सदस्यों का यह राज्य भ्रमण उत्तराखंड में पत्रकारिता एवं समाचार पत्र प्रकाशन से जुड़े विषयों पर प्रत्यक्ष संवाद की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।