Uncategorized

सावन के तृतीया सोमवार व नाग पंचमी पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

देहरादून, 17 अगस्त 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आज श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर, देहरादून में सावन मास के तृतीया सोमवार एवं नाग पंचमी की पावन तिथि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भारी वर्षा के बावजूद प्रातः से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे और भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
गंगाजल, दूध, दही व पंचामृत से हुआ जलाभिषेक
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पवित्र गंगाजल, दूध, दही एवं पंचामृत आदि से जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर के साथ विराजमान नाग देवता की भी विधिवत पूजा-अर्चना की तथा उन्हें दुग्ध का भोग अर्पित किया।
कालसर्प दोष निवारण के लिए हुई विशेष पूजा
नाग पंचमी के अवसर पर कालसर्प दोष से पीड़ित श्रद्धालुओं ने मंदिर में ब्राह्मणों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना कराई। श्रद्धालुओं ने विधिवत अनुष्ठान कर कालसर्प दोष से मुक्ति तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक
इससे पूर्व प्रातः भोर में हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल, दूध, दही, शक्कर एवं पंचामृत आदि से भगवान श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का सामूहिक रुद्राभिषेक किया गया। रुद्री पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रुद्राभिषेक के उपरांत श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
सायंकाल नाग स्वरूप में हुआ भव्य श्रृंगार
सायंकाल श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का भव्य श्रृंगार किया गया। नाग पंचमी के विशेष अवसर पर भगवान का नाग स्वरूप में मनोहारी श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पश्चात विधिवत आरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी जी, राजेंद्र आनंद, रजनीश यादव, प्रवीण बंसल, विक्की गोयल, नवीन गुप्ता, तुषार बंसल, दिलीप सैनी, प्रशांत शर्मा, अनिल गोयल, नीरज गोयल एडवोकेट, राजकुमार गुप्ता, कान्हा मित्तल, संजय कुमार गर्ग, दीपक मित्तल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button