उत्तराखण्डधर्म-कर्म

सावन शिवरात्रि पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, सामूहिक रुद्राभिषेक में उमड़ा आस्था का सैलाब

भोर से देर शाम तक मंदिर में चलता रहा पूजन-अर्चन, कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक; 51 किलो खीर का प्रसाद वितरित

देहरादून,11 अगस्त। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में सावन मास शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर देहरादून में भगवान भोलेनाथ का सामूहिक रुद्राभिषेक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। भोर से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
भोर में हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक
प्रातःकाल से ही सेवादार एवं श्रद्धालु मंदिर में एकत्र होने लगे। हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल के साथ दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत, बेलपत्र आदि पूजन सामग्री से श्री रुद्री पाठ के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का सामूहिक रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान विश्व कल्याण, सुख-शांति तथा कांवड़ यात्रा के निर्विघ्न एवं सफल संपन्न होने की प्रार्थना की गई।
51 किलो खीर का प्रसाद वितरित
सामूहिक रुद्राभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं को 51 किलो खीर का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक
गत रात्रि से ही कांवड़ियों का मंदिर पहुंचना प्रारंभ हो गया था। प्रातः होते-होते बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने ‘बम भोले’ के जयघोष के साथ श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक किया और मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद आम श्रद्धालुओं की भी लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध और दही से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
धर्म ध्वजारोहण और भव्य श्रृंगार
दोपहर में मंदिर परिसर में धर्म ध्वजारोहण किया गया। सायंकाल श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का भव्य श्रृंगार किया गया तथा सामूहिक आरती संपन्न हुई। आरती के समय मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। इस अवसर पर छेना खीर का प्रसाद भी वितरित किया गया।
महामृत्युंजय मंत्र और भजन-कीर्तन से गूंजता रहा मंदिर
दिनभर मंदिर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान होते रहे। ब्राह्मणों द्वारा किए जा रहे वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर रहा। कालसर्प दोष निवारण के लिए भी श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
सेवादारों ने संभाली व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए सेवादारों की टीम ने प्रातः से ही सेवा कार्य संभाला। गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास के लिए पृथक द्वार की व्यवस्था की गई, जिससे दर्शन व्यवस्था व्यवस्थित बनी रही।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, नवीन गुप्ता, राजेंद्र आनंद, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, दिलीप सैनी, सोहनलाल गर्ग, नीरज गोयल, राजकुमार गुप्ता, प्रदीप गोयल, शिवम कपिल, रजनीश यादव, प्रवीन बंसल, दीपक मित्तल, शैलेंद्र सिंघल, रीना मित्तल, मेगा गर्ग, कान्हा मित्तल, प्रशांत शर्मा, संगीता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सेवादार मौजूद रहे।
कल हजारों कमल पुष्पों से होगा भव्य श्रृंगार
मंदिर में कल श्री पृथ्वीनाथ नाथ जी का हजारों कमल के पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके लिए हरिद्वार से विशेष रूप से कमल के पुष्प मंगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं में इस विशेष श्रृंगार को लेकर भी उत्साह बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button