उत्तराखण्डधरना प्रदर्शन

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने उच्च शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग

देहरादून 09 अगस्त । वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षा के दो प्रश्नपत्र लीक होने के बाद दो विषयों की परीक्षाएं निरस्त किए जाने के विरोध में रविवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं एवं छात्र-युवा साथियों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक की घटना पर नाराजगी जताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच तथा छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएं छात्रों की मेहनत, समय और भविष्य के साथ अन्याय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और छात्रों को बेहतर शिक्षा एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के बजाय व्यवस्थागत अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में पूर्व में सॉफ्टवेयर से संबंधित कथित अनियमितताओं को लेकर भी छात्र संगठनों द्वारा आंदोलन किए गए थे। उन्होंने दावा किया कि इन विरोध-प्रदर्शनों के बावजूद विश्वविद्यालय में पुराने सॉफ्टवेयर का संचालन जारी है। उन्होंने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके पटेल की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में लगातार खामियां सामने आ रही हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से भी विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। साथ ही कहा कि छात्रों के हितों से जुड़े मामलों में सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा परिणाम और अन्य शैक्षणिक समस्याओं को लेकर परेशान हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से विशेष छात्र समाधान शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने और उनका समयबद्ध समाधान करने की मांग की।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का परीक्षा प्रणाली और विश्वविद्यालय प्रशासन पर विश्वास प्रभावित होता है। इसलिए पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता सुमित खन्ना, पूर्व डीएवी अध्यक्ष संग्राम सिंह पुंडीर, जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस तेजस्वी राणा, जिलाध्यक्ष हिमांशु रावत, डीबीएस कॉलेज अध्यक्ष हर्ष राणा, कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिरला, प्रदेश महासचिव रविंद्र जूनियर, आदित्य रौठान, अभिनय बिष्ट, सौरभ सेमवाल, मयंक रावत, कबीर मलिक, नितिन नेगी, अभिनव क़फ़लिया सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button