सद्गुरु ही जीवन को भक्ति मार्ग की सही दिशा दिखाते हैं : संत स्वरूपानंद गिरी
झिंझाना 25 जुलाई । (प्रेम चन्द वर्मा
)कस्बे के मंदिर ठाकुरद्वारा स्थित गीता सत्संग भवन में आयोजित धार्मिक सत्संग में धार्मिक भक्त समाज के संस्थापक संत स्वरूपानंद गिरी महाराज ने श्रद्धालुओं को शुक्रवार शाम सत्संग में प्रवचन करते हुए सद्गुरु की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सद्गुरु अपने शिष्य को सच्चे ज्ञान का प्रकाश देकर भक्ति मार्ग पर चलना सिखाते हैं। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य का जीवन सफल और कल्याणकारी बनता है।
उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्संग से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। सत्संग में श्रद्धालुओं ने एकाग्रचित होकर प्रवचनों का श्रवण किया। सत्संग में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे
इस अवसर पर धार्मिक भक्त समाज के नगर अध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि आगामी 29 जुलाई को वीतराग परमहंस दयानंद गिरी महाराज की पुण्य स्मृति श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम में विशेष सत्संग, श्रद्धांजलि सभा तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की गई।


