उत्तराखण्डशिक्षासंस्कृति

आचार्य श्री देव सुमन की पुण्यतिथि पर बीडी इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण, चित्रकला प्रतियोगिता एवं ‘पेड़ की व्यथा मत काटो मुझे’ नाटिका का हुआ मंचन

भगवानपुर (हरिद्वार), 25 जुलाई 2026। भारत विकास परिषद, मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर की ओर से शनिवार को बीडी इंटर कॉलेज, भगवानपुर में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी आचार्य श्री देव सुमन की 82वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, वृक्षारोपण, चित्रकला प्रतियोगिता, देशभक्ति एकल गायन प्रतियोगिता तथा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित “पेड़ की व्यथा मत काटो मुझे” नाटिका का प्रभावशाली मंचन किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के महासचिव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय गर्ग ने आचार्य श्री देव सुमन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों एवं टिहरी रियासत की राजशाही व्यवस्था के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि मात्र 15 वर्ष की आयु में ही श्री देव सुमन महात्मा गांधी के सत्याग्रह आंदोलन से जुड़ गए थे, जिसके चलते उन्हें 14 दिन का कारावास भुगतना पड़ा। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान देवप्रयाग में अंग्रेजों के विरुद्ध आवाज बुलंद करने पर उन्हें गिरफ्तार कर आगरा सेंट्रल जेल भेजा गया। दो वर्ष की सजा पूरी होने के बाद पुनः क्रांतिकारी गतिविधियों के कारण उन्हें टिहरी जेल में बंद किया गया, जहां उन पर अमानवीय अत्याचार किए गए। अंग्रेजों से माफी मांगने से इनकार करने पर उन्हें गर्म लोहे की सलाखों से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने 3 मई 1944 से आमरण अनशन शुरू किया और लगातार 82 दिनों तक अनशन करने के बाद 25 जुलाई 1944 को मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
भारत विकास परिषद, मां चूड़ामणि शाखा के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चौहान ने कहा कि आचार्य श्री देव सुमन की स्मृति में विद्यालय परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंच सके।
शाखा की महिला सहभागिता संयोजिका श्रीमती निधि एवं श्रीमती ललिता ने बताया कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदय त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार मनुष्यों और पशु-पक्षियों में जीवन होता है, उसी प्रकार पेड़-पौधों में भी जीवन होता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी रक्षा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बीडी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने “पेड़ की व्यथा मत काटो मुझे” नाटिका का अत्यंत भावपूर्ण मंचन कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। नाटिका के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व का सशक्त संदेश दिया गया।
विद्यालय में आयोजित देशभक्ति एकल गायन प्रतियोगिता में उमर जहां ने प्रथम, साइमा ने द्वितीय तथा इकरा एवं प्रीत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल रजत बहुखंडी, संगीता गुप्ता एवं रितु वर्मा रहे।
कार्यक्रम में संजय पाल, अरुण पंवार, निखिल अग्रवाल, के.पी. सिंह, श्रीमती निधि, अर्चना पाल, श्रीमती पारुल देवी, श्रीमती अनुदीप, श्री सैयद त्यागी, बृजमोहन, रोहित, हर्षित अशोक, राजकुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button