उत्तराखण्डशिक्षाहेल्थ

भगवानपुर के बीडी इंटर कॉलेज में 358 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण, चार छात्राएं एनीमिक मिलीं

भगवानपुर (हरिद्वार), 23 जुलाई। भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को बीडी इंटर कॉलेज, भगवानपुर में छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 358 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद, उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि एनीमिया रक्त में हीमोग्लोबिन की कमी के कारण होता है। हीमोग्लोबिन शरीर के सभी अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य करता है। इसकी कमी से शरीर की कोशिकाओं को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती, जिससे शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर भी एनीमिया का गंभीर प्रभाव पड़ता है तथा संक्रामक रोगों की आशंका बढ़ जाती है।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत ने बताया कि जांच के दौरान कक्षा 9 की तीन तथा कक्षा 11 की एक छात्रा एनीमिक पाई गईं। इसके अलावा 11 छात्र-छात्राओं में दृष्टि दोष तथा 10 छात्र-छात्राओं के दांतों में खराबी पाई गई।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघा ने बताया कि रक्त अल्पता से बचाव के लिए दैनिक आहार में गेहूं, बाजरा, राजमा, लोबिया, भुना चना, गुड़, दाल तथा पालक, मेथी और चौलाई जैसी आयरन युक्त हरी सब्जियों को शामिल करना चाहिए।
भारत विकास परिषद की शाखा सचिव कल्पना सैनी ने कहा कि बच्चों में एनीमिया का प्रमुख कारण आयरन और फोलिक एसिड की कमी है। उन्होंने सलाह दी कि आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां लेते समय चाय और कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में आयरन का अवशोषण प्रभावित होता है।
इस अवसर पर प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय पाल, श्रीमती ललिता, श्रीमती पारुल, श्रीमती अनुदीप, सुधीर सैनी, रजत बहुखंडी, निखिल अग्रवाल, नेत्रपाल, डॉ. विजय त्यागी, श्रीमती अर्चना पाल, श्रीमती रितु वर्मा, श्रीमती संगीता गुप्ता तथा कु. सारीन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button