टिहरी में ‘मेरा युवा भारत’ की वार्षिक कार्ययोजना पर मंथन, 19,191 युवाओं का हुआ पंजीकरण

टिहरी गढ़वाल,17 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मेरा युवा भारत (MY Bharat) की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने वार्षिक कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि देशभर में अब तक 2.2 करोड़ से अधिक युवा माई भारत प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि 3.5 लाख से अधिक यूथ क्लब गठित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि माई भारत के तीन प्रमुख स्तंभ—रचनात्मक सहभागिता, युवा-नेतृत्व आधारित जनजागरूकता एवं प्रसार तथा निर्णय निर्माण—युवाओं में नेतृत्व क्षमता, मेंटरशिप और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर केंद्रित हैं।
बैठक में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, बजट क्वेस्ट, माई भारत इंटर्नशिप प्रोग्राम और यंग लीडर्स डायलॉग सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा माई भारत पोर्टल एवं ऐप पर पंजीकरण कर इन कार्यक्रमों से जुड़ सकते हैं।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि 23 से 26 जुलाई 2026 तक नशा मुक्त अभियान चलाया जाएगा। वहीं 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक माई भारत पंजीकरण अभियान भी जारी है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने निर्देश दिए कि माई भारत की वार्षिक कार्ययोजना का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर सभी शिक्षण संस्थानों और संबंधित विभागों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्रचार-प्रसार के लिए एक संक्षिप्त वीडियो तैयार कर प्रतिभागियों तक साझा करने तथा उसमें संपर्क विवरण शामिल करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपनी गतिविधियों का नियमित रूप से माई भारत ऐप पर अपलोड करने और अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा, लीड बैंक मैनेजर मनीष मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि जनपद टिहरी गढ़वाल से अब तक 19,191 युवाओं का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण किया जा चुका है।

