उत्तराखण्डराजनीति

भाजपा प्रकोष्ठों को बूथ स्तर तक करेगी मजबूत, जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर

देहरादून,13 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों को और अधिक सक्रिय बनाते हुए बूथ स्तर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने की रणनीति तैयार की है। सोमवार को राजधानी देहरादून स्थित आईआरडीटी, सर्वे चौक में आयोजित प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठ कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की शक्ति हैं और सेवा, समर्पण तथा संगठन के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक भाजपा की विचारधारा और सरकार की योजनाएं पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यशाला में निकाय, स्वयं सहायता समूह, पंचायत, एनजीओ, विधि और गोरखा प्रकोष्ठ के प्रदेश एवं जिला संयोजकों तथा सह-संयोजकों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजना को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बूथ स्तर तक सक्रिय होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों से आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने एसआईआर, डिजिटल लर्निंग अभियान और संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि इन अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रकोष्ठों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से इन अभियानों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने निर्देश दिया कि 30 जुलाई तक मंडल स्तर की कार्यकारिणी का गठन पूरा कर लिया जाए, ताकि जिलावार भ्रमण कार्यक्रमों और संगठन के आगामी अभियानों का प्रभावी संचालन किया जा सके। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर बल दिया।
कार्यशाला में विभिन्न प्रकोष्ठों की कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों ने सेवा भाव के साथ संगठन को मजबूत करने और जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रदेश प्रकोष्ठ सह-संयोजक सतीश अग्रवाल सहित प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों के संयोजक, सह-संयोजक और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button