हरेला पर्व की तैयारियां व्यापक स्तर पर हों, क्लस्टर विद्यालयों में जल्द मिले परिवहन सुविधा: मुख्य सचिव

देहरादून, 7 जुलाई। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक विषयों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेशभर में हरेला पर्व को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने के लिए सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का अभियान है। इसके लिए स्कूलों, एनजीओ, न्याय पंचायतों, ग्राम पंचायतों और अन्य सामाजिक संस्थाओं को जोड़ते हुए बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
मुख्य सचिव ने प्रदेश में क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार क्लस्टर विद्यालयों के माध्यम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित क्लस्टर विद्यालयों में से पहले उन विद्यालयों को प्राथमिकता दी जाए, जहां कम समय में व्यवस्थाएं शुरू की जा सकती हैं। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल के आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा कर क्लस्टर विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव नितेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ. वी. षणमुगम, चंद्रेश कुमार यादव, विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

