उत्तराखण्डराज्य

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान: 46 हजार से अधिक लोगों ने उठाया लाभ, 11 हजार से ज्यादा हुए लाभान्वित

देहरादून,07 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा अभियान के दूसरे चरण के तहत सभी जनपदों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
4 जुलाई से शुरू हुए 15 दिवसीय अभियान के तहत 6 जुलाई तक आयोजित शिविरों में 46,151 लोगों ने भागीदारी की। इनमें 11,667 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला, जबकि 1,961 जन-शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
अभियान में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण सहित सभी प्रमुख विभागों की सक्रिय भागीदारी है। शिविरों में समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, विभिन्न प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरण एवं बीज वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
देहरादून जिले में सबसे अधिक 30,410 लोगों ने शिविरों में भाग लिया, जहां 7,721 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। ऊधमसिंहनगर में प्राप्त 551 आवेदनों में से 490 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि हरिद्वार में प्राप्त सभी 67 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। पौड़ी गढ़वाल में 386 में से 373, नैनीताल में 122 में से 74 तथा चम्पावत में 277 जन-आवेदनों का निस्तारण किया गया।
इसके अलावा पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल और चमोली सहित सभी जनपदों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया तथा अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
राज्य सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रशासन को आमजन के द्वार तक ले जाना है। 15 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेशभर में शिविरों का आयोजन लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button