डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर भाजपा का सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी बोले— राष्ट्रवाद की प्रेरणा हैं मुखर्जी
देहरादून, 2 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून की ओर से भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, विधायक उमेश शर्मा काऊ, महापौर सौरभ थपलियाल तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे और उनका राष्ट्रवादी चिंतन आज भी पार्टी की विचारधारा का आधार है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की अखंडता और एकात्मता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि “एक देश, एक संविधान” का उनका संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाए जाने के साथ साकार हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का शिक्षा, राजनीति और राष्ट्र निर्माण में योगदान अमूल्य है तथा नई शिक्षा नीति-2020 भी उनके दूरदर्शी विचारों से प्रेरित है।
सुधा यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में देश की औद्योगिक नीति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने सिद्धांतों से समझौता करने के बजाय राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और निष्कलंक सार्वजनिक जीवन का उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि डॉ. मुखर्जी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकीकरण, स्वदेशी अर्थव्यवस्था और अखंड भारत के प्रबल समर्थक थे। उनके विचारों ने जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक दिशा तय की।
विधायक खजान दास ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के लिए समर्पण का आदर्श है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लेते हैं।
कार्यक्रम में दर्जाधारी मंत्री विनोद उनियाल, डॉ. देवेंद्र भसीन, श्याम अग्रवाल, विश्वास डाबर, राजेंद्र ढिल्लों, संकेत नौटियाल, सुनील शर्मा, विजेंद्र संदीप मुखर्जी, समीर डोभाल, संतोष सेमवाल, विनोद शर्मा, मोतीराम सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

