राष्ट्रपति मुर्मु को भेंट की गई ‘Floral Alchemy’ कॉफी टेबल बुक, उत्तराखण्ड की पुष्प-विविधता का अद्भुत दस्तावेज

देहरादून,12 जून 2026। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को राष्ट्रपति निकेतन, देहरादून में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को वसंतोत्सव-2026 पर आधारित विशेष कॉफी टेबल बुक ‘Floral Alchemy’ भेंट की।
यह पुस्तक उत्तराखण्ड की समृद्ध पुष्प-विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य तथा लोक भवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले वसंतोत्सव की आकर्षक और मनोहारी झलकियों को संजोए हुए है। पुस्तक के माध्यम से राज्य की जैव-विविधता, रंग-बिरंगे पुष्पों की छटा और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने राष्ट्रपति को पुस्तक भेंट करते हुए उत्तराखण्ड की प्राकृतिक धरोहर, सांस्कृतिक समृद्धि और वसंतोत्सव की विशेषताओं से अवगत कराया।
‘Floral Alchemy’ न केवल उत्तराखण्ड की अनुपम प्राकृतिक सुंदरता का दस्तावेज है, बल्कि यह राज्य में आयोजित होने वाले वसंतोत्सव की यादगार झलकियों को भी संजोती है। यह कॉफी टेबल बुक प्रकृति प्रेमियों, शोधकर्ताओं और पर्यटकों के लिए उत्तराखण्ड की पुष्प संपदा को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगी।



