विश्व पर्यावरण दिवस पर यूजेवीएन लिमिटेड का व्यापक वृक्षारोपण अभियान
"एक वृक्ष दस पुत्रों के समान" संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

देहरादून, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसामान्य में पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्यभर में व्यापक वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। निगम के विभिन्न कार्यालयों, परियोजना स्थलों, विद्युत गृहों, आवासीय परिसरों एवं परियोजना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
यूजेवीएन लिमिटेड मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में आयोजित विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर निदेशक परियोजनाएं सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी एवं आशीष जैन सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस विशेष तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी जीवनशैली, सामाजिक उत्तरदायित्व और कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों के महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने संस्कृत उक्ति “दशकूपसमा वापी, दशवापीसमो ह्रदः। दशह्रदसमो पुत्रो, दशपुत्रसमो द्रुमः॥” का उल्लेख किया और कहा कि “एक वृक्ष दस पुत्रों के समान” का संदेश आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल जीवनदायी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, जलवायु संतुलन और पर्यावरणीय स्थिरता के आधार स्तंभ भी हैं। उत्तराखण्ड जैसे संवेदनशील हिमालयी राज्य में पर्यावरण संरक्षण का महत्व और बढ़ जाता है। ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में कार्यरत यूजेवीएन लिमिटेड सतत विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा अवसंरचना के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व, जनभागीदारी और हरित भविष्य के निर्माण का सशक्त संदेश भी देता है। यूजेवीएन लिमिटेड ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के लिए ऐसे जनहितकारी प्रयास निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।



