मद्महेश्वर में हृदयाघात से पीड़ित यात्री का एयर एम्बुलेंस से रेस्क्यू, जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया
रुद्रप्रयाग, 31 मई। मद्महेश्वर मंदिर क्षेत्र में एक गंभीर रूप से बीमार यात्री का समय रहते एयर एम्बुलेंस के माध्यम से सफल रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। यात्री की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हवाई बचाव अभियान संचालित किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवा पुत्र कुलदीप सिंह (आयु लगभग 30 वर्ष) मद्महेश्वर मंदिर के समीप मौजूद थे। उनकी स्वास्थ्य स्थिति अत्यंत गंभीर थी तथा उन्हें अब तक दो बार हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने की सूचना प्राप्त हुई थी। लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता महसूस की गई।
मरीज दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में होने के कारण सामान्य रेस्क्यू अभियान में काफी समय लग सकता था, जिससे उनके जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका थी। चिकित्सकीय आपात स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की।
निर्धारित अभियान के तहत शाम 6:03 बजे मद्महेश्वर क्षेत्र से एयर एम्बुलेंस द्वारा यात्री का सफल रेस्क्यू किया गया और बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय उपचार जारी है।
यात्री का विवरण:
नाम : शिवा
पिता का नाम : कुलदीप सिंह
आयु : लगभग 30 वर्ष
प्रशासन की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से गंभीर स्थिति में फंसे यात्री को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।



