16 जुलाई को निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, तैयारियां शुरू

देहरादून,26 मई 2026। श्री राम मंदिर समिति दीपलोक कॉलोनी एवं श्री श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति की संयुक्त कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को श्री राम मंदिर, दीपलोक कॉलोनी देहरादून में संपन्न हुई। बैठक में आगामी श्री श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा के आयोजन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक में रथ यात्रा के संयोजक एवं श्री राम मंदिर समिति के अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 16 जुलाई 2026 को मंदिर परिसर से भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां अगले महीने से जोर-शोर से प्रारंभ कर दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि रथ यात्रा से पूर्व 24 जून 2026 को देव स्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर लगभग 108 मातृशक्ति की भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में धर्म एवं समाज की विभिन्न संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा, जिससे आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जा सके।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए और विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर संरक्षक डॉ. सुभाष चंद शतपथी, अध्यक्ष प्रमोद मित्तल, सचिव सुनील शर्मा, उत्सव मंत्री जे.एस. चुग, प्रचार मंत्री सुशील बागा, कोषाध्यक्ष सुनील गोयल, उपाध्यक्ष सुरेंद्र गांधी, सह सचिव अनिल बांगा, भंडार पाल शंकर थापा एवं संजय कुमार गर्ग मीडिया प्रभारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



