जनसैलाब के बीच पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

हरिद्वार 20 मई ।
खड़खड़ी श्मशान घाट में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूरी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक और संत समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी ने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता, अनुशासन और ईमानदारी के साथ उत्कृष्ट कार्य किए तथा वे सदैव सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में उन्होंने हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया और उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
अंतिम विदाई के अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



