सहकारी समिति केरटू में एक माह से खुले में पड़ा अनाज, नहीं हो रहा अनाज का उठान जिला प्रशासन सुस्त, पिछली बारिश में नमी दौबारा बारिश ने बढ़ाई अनाज खराब होने की संभावना
शामली। जनपद में लगातार हो रही बरसात के बीच सहकारी समिति परिसर में खुले में रखा सरकारी अनाज भीगने से खराब होने की आशंका बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि पिछली बारिश में भी अनाज में काफी नमी आ गई थी और अब दोबारा बारिश होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
सरकारी अनाज के भंडारण के लिए सहकारी समितियों में गोदाम बनाए गए हैं। आवश्यकता अधिक होने पर टीन सेड आदि की व्यवस्था कर सुरक्षित तरीके से अनाज रखा जाता है, लेकिन बिडौली क्षेत्र के गांव केरटू स्थित सहकारी समिति में अनाज पिछले लगभग एक माह से खुले में पड़ा हुआ है। लगातार बारिश के कारण अनाज बार-बार भीग रहा है, जिससे उसमें नमी और सड़न आने लगी है।
सहकारी समिति प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि बारिश से बचाव के लिए अनाज को तिरपाल से ढका गया था, लेकिन समिति का परिसर गली से नीचे होने के कारण बारिश का पानी परिसर में भर जाता है और अनाज तक पहुंच जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो अनाज गोदाम तक पहुंचने से पहले ही पूरी तरह खराब हो सकता है। वहीं सरकारी गोदाम तक अनाज ले जाने वाली गाड़ियों के समय पर न पहुंचने से भी उठान कार्य प्रभावित हो रहा है।
किसान रामपाल, लक्ष्मी शर्मा, अंकित शर्मा, सोहन, मुरसलीन और अनवर ने बताया कि यदि यही अनाज किसी किसान का होता तो समिति कर्मचारी नमी का हवाला देकर लेने से इनकार कर देते, लेकिन सरकारी अनाज खुले में पड़ा खराब हो रहा है उन्होंने बताया कि पिछली बारिश में भी काफी अनाज खराब हुआ था और इस बार भी पानी भरने से अनाज में सड़न शुरू हो गई है। और संबंधित अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की है।
रिपोर्ट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।
